29 अक्टूबर 2013 - 20:30
अख़ज़र इब्राहीमी ने राष्ट्रपति बश्शार असद से मुलाक़ात की।

सीरिया के मामले में संयुक्त राष्ट्र संघ के विशेष दूत अख़ज़र इब्राहीमी ने दमिश्क़ में राष्ट्रपति बश्शार असद से मुलाक़ात की है......

सीरिया के मामले में संयुक्त राष्ट्र संघ के विशेष दूत अख़ज़र इब्राहीमी ने दमिश्क़ में राष्ट्रपति बश्शार असद से मुलाक़ात की है।अल आलम टीवी चैनल की रिपोर्ट के अनुसार अख़ज़र इब्राहीमी ने बुधवार को दमिश्क़ में बश्शार असद से मुलाक़ात की जिसमें जेनेवा-2 कांफ़्रेंस के आयोजन पर चर्चा हुई। अख़ज़र इब्राहीमी और राष्ट्रपति बश्शार असद के मध्य होने वाली मुलाक़ात में सीरिया संकट के समाधान के लिए जेनेवा-2 कांफ़्रेंस के आयोजन पर विचार विमर्श किया गया। सीरिया के मामले में संयुक्त राष्ट्र संघ के विशेष दूत अख़ज़र इब्राहीमी ने सीरिया के राष्ट्रपति से मुलाक़ात से पहले एक बयान में कहा था कि बश्शार असद अंतरिम चरण में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।बश्शार असद सन 2000 में अपने पिता के निधन के बाद होने वाले जनमत संग्रह के परिणाम में बहुमत से देश के राष्ट्रपति चुने गये थे। उन्हें 2007 में होने वाले चुनाव में एक बार फिर देश का राष्ट्रपति चुना गया। पश्चिमी शक्तियां और क्षेत्र के कुछ अरब देश 2014 के राष्ट्रपति चुनाव में बश्शार असद के भाग न लेने पर बल दे रहे हैं किन्तु बश्शार असद का कहना है कि चुनाव में भाग लेने के संबंध में कोई क़ानूनी रुकावट मौजूद नहीं है। आशा की जा रही है कि सीरिया के भविष्य के बारे में जेनेवा-2 कांफ़्रेंस शीघ्र आयोजित होगी जिसमें सीरिया की सरकार और क्षेत्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय शक्तियों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। सीरिया में मार्च 2011 से अशांति का क्रम जारी है और विदेश समर्थित आतंकवादी गुट आम नागरिकों और सुरक्षा बलों पर आक्रमण कर रहे हैं।